
रांची/जमशेदपुर/चाईबासा : झारखंड के नये मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शपथ लेने के साथ ही एक्शन मोड में आ गये हैं. उन्होंने झारखंड मंत्रालय पहुंचकर पहली कैबिनेट की बैठक की. इसमें मंत्री आलमगीर आलम, रामेश्वर उरांव और सत्यानंद भोक्ता ने भी हिस्सा लिया. कैबिनेट की बैठक में 3 महत्वपूर्ण मुद्दों पर फैसला लिया गया. विधायकों को शपथ दिलाने के लिए प्रोटेम स्पीकर के रूप में स्टीफन मरांडी का चयन हुआ है. वहीं 6 जनवरी से 8 जनवरी तक झारखंड विधानसभा का सत्र चलेगा. पहले दिन सभी नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाई जाएगी. 7 जनवरी को स्पीकर का निर्वाचन होगा. और 8 जनवरी को राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा होगी. हेमंत कैबिनेट ने छोटानागपुर काश्तकारी अधिनियम (सीएनटी) और पत्थलगड़ी मामले में दर्ज एफआईआर वापस लेने का निर्देश है. साथ ही खाली पड़े सरकारी पदों को भरने का निर्देश है. नए फास्टट्रैक कोर्ट बनाने को कहा गया है. ठंड को लेकर सभी उपायुक्त तथा निगम के आयुक्त से जल्द गरीबों के बीच कंबल, टोपी और सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की व्यवस्था करने को कहा. झारखंड के प्रतीक चिन्ह को नए स्वरूप देने का भी निर्देश दिया गया है. अनुबंधकर्मियों और छात्रवृति के लंबित भुगतान को जल्द देने निर्गत करने का आदेश दिया गया है.







