घाटशिला : मुसाबनी स्थित एचसीएल /आईसीसी खदान के 4 साप्ट में साउथ सुरदा की ग्रामसभा ने रोजगार की मांग को लेकर अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत मंगलवार को दूसरे दिन भी सड़क जाम जारी रखा। साउथ सुरदा ग्रामसभा के सोमाय टुडू ने बताया कि सुरदा खदान के हर कागजी प्रक्रिया में ग्रामसभा ने भरपूर सहयोग दिया है। खदान लीज मिले हुए कई माह बीत चुके हैं ,फिर भी कई मजदूरों को रोजगार में नहीं बुलाया गया है ।अब तक मात्र 600 मजदूर ही कार्यरत है ,बाकी 200 मजदूर बेरोजगार बैठे हुए हैं । (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि इन मजदूरों को अब तक रोजगार नहीं मिलने से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्राम सभा ने विगत 7 अक्टूबर को प्रशासन के समक्ष त्रिपक्षीय वार्ता कर 9 अक्टूबर तक रोजगार देने की बात कही थी ,अन्यथा 10 अक्टूबर से सड़क जाम करने का अल्टीमेटम दिया गया था ,वार्ता के मुताबिक मांग पूरी नहीं होने पर साउथ के ग्राम सभा ने मजबूरन सड़क जाम किया है।सड़क जाम पर उपस्थित मजदूरों ने कहा कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होती है तब तक सड़क जाम जारी रहेगा। वही ठेका कंपनी ने चालान मिलने के बाद बाकी बचे हुए मजदूरों को रोजगार देने की बात कही है।वही मजदूरों द्वारा कंपनी जाने वाली सड़क पर आंदोलन करने से कंपनी में आने जाने वाली वाहनों का परिचालन प्रभावित हो रहा है।







