
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना से देवनगर के ही रहने वाले दो चोर पुलिस की कस्टडी से ही हथकड़ी लेकर भाग निकले. इस घटना के खिलाफ स्थानीय लोगों ने सीतारामडेरा थाना पर जमकर हंगामा किया. इस हंगामा में मुख्यमंत्री रघुवर दास के भतीजे कमलेश साहू ने भी साथ दिया और उन्होंने भी पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जानबूझकर अपराधियों को थाना से भगवा दिया गया है. इस मामले में पुलिस जांच कर रही है और फरार चोरों को पकड़ने का प्रयास कर रही है. इस बीच एसएसपी ने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए नाम मंगा लिया है.
सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित निर्मल नगर के मंदिर में बीती रात (मंगलवार की देर रात) करीब ढाई बजे निर्मलनगर ह्यूम पाइप काली मंदिर में दो चोर घुस गये थे. वे लोग ताला तोड़कर पैसे की चोरी कर रहे थे. इसी बीच एक स्थानीय युवक शौच के लिए बाहर निकला तो देखा कि दो चोर चोरी कर रहे है. उसने हल्ला मचाया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने मिलकर उन दोनों चोर को पकड़ लिया.
दोनों युवक देवनगर के रहने वाले थे. उनकी पिटाई करने के बाद उनको पीसीआर वैन को सौंप दिया गया. पुलिस की मदद से उसको सीतारामडेरा थाना ले जाया गया, जहां से सुबह में ही दोनों चोर भाग निकले. चोर हथकड़ी के साथ ही भाग निकले. सूचना पाकर सीतारामडेरा के निर्मलनगर के लोग पहुंचे.
भाजपा नेता और मुख्यमंत्री रघुवर दास के भतीजे कमलेश साहू के नेतृत्व में लोगों ने सीतारामडेरा पुलिस द्वारा चोर को भगाने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया. इन लोगों ने जमकर नारेबाजी की. बाद में एसएसपी ने आंदोलनकारियों से बातचीत की, जिसके बाद यह आश्वासन दिया गया कि एक दिन के भीतर भागे हुए चोरों को पकड़ लिया जायेगा.
इसके अलावा दोषी पुलिसवालों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी. इस आश्वासन के बाद मामला शांत हो पाया. पुलिस इसको लेकर ताबड़तोड़ छापामारी कर रही है.



