
Saraikela : जिला पुलिस ने भू-माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह का सरगना सहित चार अन्य अब भी फरार बताए जा रहे हैं. आपको बता दें कि पिछले मंगलवार को कपाली ओपी क्षेत्र में भू-माफियाओं द्वारा दहशत फैलाने के उद्देश्य से हासाडुंगरी के वार्ड संख्या-18 में हथियार लहराया गया था, लेकिन एन वक्त पर पिस्टल मिस फायर हुआ और गोली अपराधकर्मी मोहम्मद सैफ को ही लग गई. उधर स्थानीय लोगों ने भू- माफियाओं को खदेड़ना शुरू किया. वैसे सभी मौके से फरार हो गए. इधर स्थानीय लोगों ने अपराधकर्मी मोहम्मद सैफ को पुलिस के हवाले कर दिया. जिसे पहले एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर ईलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल रेफर कर दिया गया. वहीं पुलिस ने तत्काल मोहम्मद सैफ को कस्टडी में ले लिया. जबकि घटना को अंजाम देकर भाग रहे चार अन्य अपराधियों को पुलिस ने अलग- अलग जगहों से गिरफ्तार कर आज न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. वहीं घायल मोहम्मद शैफ को अस्पताल से छुट्टी होने तक कस्टडी दिया गया है. पुलिस ने गिरफ्तार अपराधकर्मियों की निशानदेही पर एक आठ राउंड का रिवॉल्वर, एक खोखा, दो मोटरसायकल, एक स्कूटी और तीन मोबाईल फोन बरामद किया है. वैसे कपाली ईलाके में अवैध जमीन का कारोबार काफी व्यापक पैमाने पर संचालित होता है, और इसको लेकर भू- माफियाओं के बीच हिंसक झड़प आम हो चुकी है. वैसे सरगना आज तक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका है.



