
Jamshedpur : जमशेदपुर पुलिस में तैनात टाइगर मोबाइल का जवान सलमान एक बार फिर से सुर्खियों में है. वैसे अपनी करतूतों के कारण सलमान अक्सर विवादों में रहता है. लेकिन हर बार पुलिस के आला अधिकारी उसे बचा लेते हैं. वैसे ताजा मामला बिष्टुपुर थाना अंतर्गत जुबिली पार्क गेट नंबर 1 का है. जहां वाहन चेकिंग के दौरान एक आदिवासी छात्रा और उसके साथी के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा है. उधर सलमान के व्यवहार से आक्रोशित छात्राएं सलमान की शिकायत लेकर बिष्टुपुर थाना पहुंची.
जानकारी देते हुए छात्राओं ने बताया कि सलमान वर्दी का रौब दिखाकर आए दिन सड़कों पर गुंडागर्दी करता रहता है. आज भी वाहन चेकिंग के दौरान उसका मामला नहीं रहने के बाद भी वह बीच में कूद गया और अश्लील भाषाओं का प्रयोग करने लगा. वैसे छात्राओं ने अपनी शिकायत बिष्टुपुर थाना में दर्ज करा दी है. हालांकि आज भी मामले पर पुलिस के आला अधिकारी कुछ भी बताने से बचते रहे. ऐसे में सवाल यह उठता है कि आखिर सलमान पर किसी तरह की कोई कार्रवाई क्यों नहीं की जाती, जबकि आए दिन सलमान बेवजह विवादों में कूद पड़ता है.



