
Saraikela : जिले की आदित्यपुर पुलिस ने रविवार को दो अलग-अलग मामलों के कुल 7 अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. आदित्यपुर पुलिस ने आम राहगीरों से दिनदहाड़े लूट और छिनतई की घटना को अंजाम देने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. बताया जाता है कि जमशेदपुर के उलीडीह थाना निवासी और इस गिरोह के सरगना कर्मा उर्फ कर्म देव शर्मा के द्वारा औद्योगिक क्षेत्र समेत अन्य स्थानों पर राहगीरों से मोबाइल छिनतई की घटना को अंजाम दिया जा रहा था. इसी क्रम में इस गिरोह द्वारा औद्योगिक क्षेत्र में ऋषभ दीप नामक व्यक्ति से मोबाइल फोन की छिनतई को अंजाम दिया गया था , जिसके बाद पुलिस ने तकनीकी सहायता से इस गिरोह का खुलासा किया और मामले के सभी चार आरोपी कर्म देव शर्मा, संतोष शर्मा, गोपाल दास और बागुन तियु को धर दबोचा. वही एक अन्य मामले में ब्राउन शुगर बेचते पुलिस ने 3 युवकों को भी गिरफ्तार किया है जिनके पास से पुलिस ने तकरीबन 34 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद किया है. बताया जाता है कि ब्राउन शुगर के ये धंधेबाज पुड़िया बनाकर ब्राउन शुगर बेच रहे थे. तभी पुलिस को इसकी भनक लगी और पुलिस ने गम्हरिया से करण सिंह, दीपू कुमार और गोपी गोराई को ब्राउन शुगर बेचते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है.



