
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना अंतर्गत पदमा रोड दस नंबर बस्ती निवासी हरदेव सिंह के खटाल में काम कर रहे 17 वर्षीय नाबालिग अरुण कुमार को कुछ लोगो ने खटाल से निकाल कर पिटाई कर दी. फिर कार में जबरन बैठाकर अज्ञात जगह ले जाकर छोड़ दिया. घटना 27 नवंबर की है. इस संबंध में खटाल के मालिक हरदेव सिह और अरुण जब शिकायत करने पहुंचे तो थाना में मौजूद एएसआइ शिव प्रकाश ने उन्हे डरा धमका कर ये कह कर भगा दिया की केस मत करो भाग जाओ यहां से. शनिवार को अरुण ने एसपी से इसकी शिकायत कि तब जाकर मामला दर्ज हुआ. वहीं एमजीएम अस्पताल में जब अरुण मेडिकल चेकअप के लिए गया, तो यहां पर अभियुक्त पहुंच गए और उसे डराने धमकाने लगे. अरुण ने बताया कि वह मूल रुप से बिहार के भोजपुर जिले का रहने वाला है, काम की तलाश में वह छह माह पूर्व जमशेदपुर आया था. यहां वह हरदेव सिंह के खटाल पर काम करने लगा. 27 नवंबर को सुरेंद्र सिंह, कुलदीप सिंह, हरदीप सिंह, अमरजीत सिंह के साथ अन्य महिलाए खटाल में घुसे और जबरन बाहर निकाल कर मारपीट करने लगे. इसके बाद सभी ने कार पर बिठाया और मारते हुए ले जाकर अंजान जगह पर छोड़ दिया। थाना में भी पुलिस ने शिकायत लेने से मना कर दिया.




