
जमशेदपुर : जमशेदपुर में जमीन विवाद को लेकर लगातार विवाद हो रहा है. बिरसानगर में जहां एक अधिवक्ता सह भाजपा नेता की मौत का मामला अभी ठंडा नहीं हुआ था कि टेल्को के मनीफीट में बुधवार की देर रात को अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. आसपास के लोगों का कहना है कि 15 राउंड गोलियां अपराधियों ने चलायी है. यह घटना मनीफीट सोखी कॉलोनी का है. घटना की जानकारी टेल्को पुलिस को दे दी गयी है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. वैसे पुलिस इस घटना को लेकर अब तक इनकार ही कर रही है. बताया जाता है कि टेल्को थाना क्षेत्र के मनीफीट सोखी कॉलोनी में इससे पहले भी एक हत्या उसी जमीन को लेकर हो चुकी है. एक जमीन को लेकर दो गुट आमने सामने है. इसको लेकर दलबीर सिंह बीरे नामक किसी व्यक्ति की हत्या भी हो चुकी थी, जिसके नाम से वहां बस्ती भी बसाया जा चुका है. उसकी मौत के बाद से दूसरा गुट हावी होकर जमीन की घेराबंदी करने लगा था, जिसका स्थानीय लोगों ने विरोध किया था. बताया जाता है कि बस्ती में दहशत फैलाने के लिए अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दी और भाग निकले. घटनास्थल पर टेल्को पुलिस भी पहुंची थी, लेकिन गोली चलने की बात से इनकार कर रही है. हालांकि, वहां जमीन पर घेराबंदी की जा रही है, उसके भी अवशेष दिखे है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.







