
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना अंतर्गत जवाहर नगर रोड नंबर 8 के पास शुक्रवार की शाम गोली चलने के मामले में कांग्रेस नेता सोहेल खान ने शनिवार देर शाम मानगो थाने में सरेंडर कर दिया. वहीं इस घटना में शाहनवाज अब भी फरार है. पूछताछ में सोहेल ने पुलिस को बताया कि हथियार शाहनवाज का था. सोहेल और साजिद के बीच हथियार को देखने की होड़ व छीना-झपटी में गोली चल गयी थी. हालांकि पुलिस का मानना है कि जब तक शाहनवाज की गिरफ्तारी नहीं हो जाती तब तक मामले का खुलासा नहीं किया जा सकता. बता दें कि शुक्रवार देर शाम जवाहर नगर रोड नंबर 8 के पास गोली चली थी, जिसमें साजिद को गोली लगी थी. इलाज के लिए उसे तत्काल टीएमएच ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.



