
जमशेदपुर : राज्य के पूर्व मंत्री और जमशेदपुर पूर्वी के निर्दलीय विधायक सरयू राय के विधानसभा क्षेत्र में पानी के लिए जनता त्राहिमाम है. केबुल कंपनी के बंद करने यानी लिक्विडिशन का आदेश दे दिये जाने के बाद केबुल टाउन एरिया की जलापूर्ति को ही बंद कर दिया गया है. इससे हजारों की आबादी प्रभावित हो गयी है. करीब पांच हजार मकानों में पानी की आपूर्ति को ही बंद कर दिया गया है. इसके बाद से जलापूर्ति को लेकर दिक्कतें हो गयी है.
लोगों को तीन दिनों से यह परेशानी है, लेकिन इन परेशानियों का कोई हल ही नहीं निकाला जा सका है. वैसे लोगों ने अपने जनप्रतिनिधि सरयू राय से मुलाकात कर समस्याओं से अवगत कराया है, लेकिन अब तक कोई इंतजाम नहीं हो पाया है. केबुल टाउन एरिया में सिर्फ दो ही सार्वजनिक चापाकल व नल है, जिससे लोग पानी ले पा रहे है. पहले से ही कंपनी बंद हो चुकी है और अब वे लोग ऐसी स्थिति में पानी खरीदकर पीने को तैयार नहीं है. इन लोगों को विधायक के प्रतिनिधियों ने कहा है कि टैंकर के लिए टीम ने दौरा किया है और निश्चित तौर पर टैंकर का इंतजार किया जा रहा है. टैंकर आने के बाद थोड़ी राहत हो सकती है.

सरयू राय का ट्विट
वैसे पूर्व मंत्री सरयू राय ने ट्विटर पर यह जानकारी साझी की है. उन्होंने ट्विटर पर ट्विट कर कहा है कि केबुल कम्पनी के लिक्विडिशन आर्डर की पहली गाज केबुल टाउन की पेयजलापूर्ति पर पड़ी है. सुबह सूचना मिलने पर मैंने मुख्य सचिव और डीसी को जलापूर्ति बहाल करने हेतु लिक्विडेटर को निदेश देने के लिये कहा है. जब तक जलापूर्ति बहाल होती है तबतक टैंकर से पानी भिजवाने के लिये नोटिफायड को कहा है.
केबुल कंपनी को बंद करने का एनसीएलटी ने दिया है आदेश
केबुल कंपनी को एनसीएलटी ने बंद करने का आदेश दिया है. इस आदेश के तहत कंपनी कंपनी के प्रोमोटरों को आदेश दिया ग या है. इसके बाद से कंपनी के सारे कामकाज को बंद कर दिया गया है. टाटा स्टील की ओर से यहां पानी दी जाती थी, वह भी सप्लाइ रोक दिया गया है. टाटा स्टील पानी की सप्लाइ को बंद करने के साथ ही जमीन का टेकओवर भी करने की तैयारी कर रही है.







