
जमशेदपुर : भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा पिछले 54 दिनों से लॉक डाउन के बीच पीड़ित मानवता की सेवा के लिए चलाये जा रहे अभियान के तहत रविवार को जिला सूचना केन्द्र पूर्वी सिंहभूम द्वारा जारी सूचना के आधार पर 65 घरों में साप्ताहिक राशन पैकेट पहुंचाया गया, साथ ही राशन वितरण वाले क्षेत्र में रेड क्रॉस में उपलब्ध रेडी टू यूज फूड सप्लीमेन्ट्री का वितरण भी बच्चों के बीच किया गया।

भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा रेडी टू यूज फूड सप्लीमेंटरी के वितरण में आज 10 हजार से अधिक रेडी टू यूज फूड पैकेट का वितरण बच्चों के बीच किया गया। रेड क्रॉस कार्यकर्ता आशीष अग्रवाल के नेतृत्व में रेड क्रॉस की टीम ने पूर्वी सिंहभूम जिले के ग्रामीण क्षेत्र विशेषकर गालुडीह के चित्तागुट्टु, चन्द्रलेखा, काशीडीह, जादूगोड़ा के इचरा, जमशेदपुर में बेल्डीह ग्राम बस्ती, घाघीडीह सबर टोला, धालभूमगढ़ के भैरवपुर सबरटोला, स्वागछिदा, गुड़ाबान्धा के कनियालुका, बेदापाल, चकसोल, चाकुलिया के श्यामसुन्दरपुर, सबरटोला, धीवरटोला जाकर वहां के बच्चों के बीच रेडी टू यूज फूड सप्लीमेन्ट्री का वितरण किया, ताकि बच्चों की इम्युनिटी बड़े और उनमें रोग प्रतिरोधक क्षमता का अधिक विकास हो।

कुछ संस्थाओं को भी रेडी टू यूज फूड सप्लीमेन्ट्री प्रदान किया गया। रविवार को रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम ने मदर टेरेसा वेल्फेयर ट्रस्ट को उनके अनुरोध पर आटा चावल दाल, तेल, साबुन जैसे जरूरत की चीजें उपलब्ध करायी। रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने कहा कि झारखंड सरकार द्वारा लॉकडाउन 4 में कोई रियायत नहीं दिये जाने के कारण आने वाले दिनों में रेड क्रॉस द्वारा जिला प्रशासन के दिशानिर्देश पर पीड़ित मानवता की सेवा के कार्य जारी रहेंगे। उन्होंने सामर्थ्यवान समाजसेवियों से आगे भी रेड क्रॉस के अभियान को जारी रखने और जरूरतमंदों को मदद करने के लिए रेड क्रॉस सोसाईटी को सहयोग करने का अनुरोध किया है।















