जमशेदपुर : पश्चिम बंगाल के खड़गपुर रेलवे स्टेशन पर नियमित जांच के दौरान जीआरपी को बड़ी सफलता हाथ लगी है. स्टेशन परिसर में संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक युवक के पास से पुलिस ने 1 करोड़ 40 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं. इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद रेलवे पुलिस के अधिकारी भी हैरान रह गए. पुलिस ने नकदी जब्त करते हुए युवक को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. जानकारी के अनुसार, खड़गपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 पर जीआरपी की टीम नियमित जांच अभियान चला रही थी. इसी दौरान पुलिस की नजर एक संदिग्ध युवक पर पड़ी। संदेह होने पर पुलिसकर्मियों ने उसे रोककर उसके पास मौजूद बैगों की तलाशी ली. (नीचे भी पढ़ें)

तलाशी के दौरान बैगों में भारी मात्रा में नकदी रखी मिली. जब पुलिस ने रुपये की गिनती कराई तो कुल रकम 1 करोड़ 40 लाख रुपये निकली. पूछताछ में युवक इतनी बड़ी नकदी के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और न ही रकम के स्रोत के बारे में संतोषजनक जानकारी दे पाया. इसके बाद जीआरपी ने पूरी नकदी जब्त कर युवक को गिरफ्तार कर लिया. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार युवक हावड़ा का रहने वाला है और टाटानगर से जनशताब्दी एक्सप्रेस में सवार होकर यात्रा करने वाला था. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी रकम कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था. मामले में आगे की जांच जारी है.












