
रांची/जमशेदपुर : झारखंड के रांची स्थित जेल में बंद चारा घोटाले के मामले में सजायाफ्ता बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव का 73वां जन्मदिन मनाया गया. चारा घोटाले के आरोप में जेल में बंद लालू प्रसाद यादव का जन्मदिन मनाने के लिए खुद उनके पुत्र और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पहुंचे. तेजस्वी यादव खुद जेल में पहुंचे.

उनके साथ 73 पाउंड का केक काटा, खुशियां मनायी और फिर बाहर निकले. इसके बाद वे सीधे झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलने के लिए पहुंचे. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ तेजस्वी यादव के साथ सरकार को लेकर बातचीत की और फिर वापस लौट गये.

चारा घोटाला का खुलासा करने वाले विधायक सरयू राय ने दी जन्मदिन की बधाई
चारा घोटाले के आरोप में जेल में बंद बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन पर चारा घोटाले का खुलासा करने वाले विधायक सरयू राय ने बधाई दी. उन्होंने अपने बधाई संदेश में लिखा है ‘संबंधों में उतार-चढ़ाव की पगडंडी के पुराने साथी श्री लालू प्रसाद यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामना. बीते ऐतिहासिक विधानसभा चुनाव में मुझे खुला समर्थन देकर उन्होंने बड़े दिल का परिचय दिया था. ईश्वर उन्हें स्वस्थ रखें, समाज जीवन में सार्थक भूमिका निभाने की शक्ति प्रदान करें.’ वैसे श्री राय का यह ट्विट काफी चर्चा बंटोर रहा है और बधाई संदेश ने भी राजनीतिक विचारधारा से इतर सोच किस तरह निजी भी होते है, इसका भी लोगों को ज्ञान देने का काम कर रहा है.

सरायकेला-खरसावां में पुरेंद्र ने जरूरतमंदों में बांटा लालू आहार
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का 73वां जन्मदिन सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में लालू विचार केंद्र झारखंड प्रदेश के संयोजक सह प्रदेश महासचिव पुरेंद्र नारायण सिंह द्वारा कोरोना संकट को देखते हुए सोशल डिस्टेंसिंग के साथ मनाया गया. इस मौके पर 73 पाउंड का केक काट राजद सुप्रीमो के दीर्घायु होने की कामना भी की गयी. राजद सुप्रीमो लालू यादव का 73वां जन्मदिन उनके समर्थकों ने कोरोना काल में सादगी पूर्ण तरीके से मनाया. झारखंड प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश महासचिव और आदित्यपुर नगर निगम के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह द्वारा 11 जून को राजद राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन को गरीब सम्मान दिवस के रूप में मनाया गया.

इस अवसर पर राजद के सभी कार्यकर्ता व लालू विचार केंद्र के सदस्य और लालू समर्थक सोशल मीडिया के फेसबुक लाइव के माध्यम से जन्मदिन समारोह से जुड़े और अपने- अपने घरों पर रहते हुए पार्टी सुप्रीमो के जन्मदिन को मनाया. वहीं इस दौरान सैकड़ों जरूरतमंद लोगों के बीच लालू आहार पैकेट का भी वितरण किया गया. इधर प्रदेश महासचिव पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि भले ही आज राजद सुप्रीमो जेल में हैं लेकिन उनके आदर्श और विचार आज भी जन जन मे विराजमान है, लालू प्रसाद यादव के नीति सिद्धांत कार्यक्रमों को लगातार जन जन तक पहुंचाने का कार्य किया जाता रहेगा. राजद प्रदेश महासचिव पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि इस साल बिहार में चुनाव होने हैं, ऐसे में बिहार की जनता ने यह भली-भांति जान लिया है कि कोरोना के इस संकटकाल में केंद्र सरकार द्वारा गरीब-मजदूरों की अनदेखी की गई है. ऐसे में राजद सुप्रीमो और पार्टी के कार्यकर्ताओं में नाराजगी व्याप्त है इसलिए राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के जन्मदिवस को गरीब, असहाय और जरूरतमंद को समर्पित करते हुए गरीब सम्मान दिवस के रूप में मनाया गया है. अपने संबोधन में पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि शीघ्र ही लालू विचार केंद्र आबादी के आधार पर एसटी एससी और ओबीसी को आरक्षण दिए जाने एवं झारखंड में पिछड़े वर्गों को 27% आरक्षण दिए जाने की मांग को लेकर आंदोलन तेज करेगा. कार्यक्रम में फेसबुक लाइव के माध्यम से राधे प्रसाद यादव, वीरेंद्र यादव , एसएन यादव, उमाशंकर राम, रामजी शर्मा सहित सैकड़ों लोग शामिल थे.














