
जमशेदपुर : मानगो स्थित जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज में एक चतुर्थवर्गीय महिला कर्मी के साथ दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है. इस संबंध में कॉलेज के प्राचार्य प्रो एके मेहता ने कॉलेज के लिपिक दीपक दास को शो-कॉज किया है. बता दें कि महिला कर्मी अंबिका देवी ने कॉलेज के प्राचार्य से लिखित शिकायत की है, जिसमें एक शिक्षक व एक लिपिक द्वारा दुर्व्यवहार किये जाने की शिकायत की गयी है. शिकायत पत्र में अंबिका देवी ने बताया है कि पिछले कॉलेज के शिक्षक सुभाष दास व लिपिक दीपक दास महापात्रा उनके घर गये थे. वहां उन्होंने धमकी देते हुए एक सादे कागज पर हस्ताक्षर करा लिया. इसके साथ ही गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी है. इसके बाद से वह डरी-सहमी हुई है. इस शिकायत पर प्राचार्य ने जहां शो-कॉज किया है, वहीं शिक्षक व लिपिक दोनों ने इस आरोप से इन्कार करते हुए इस शिकायत को उन्हें फंसाने की साजिश बताया है.















