
जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित जमशेदपुर वीमेंस कॉलेज के एमबीए के पाठ्यक्रम को अकादमिक वर्ष 2020-21 के लिए संबद्धता संवर्धन प्राप्त हो गया है। प्राचार्या प्रो. (डॉ.) शुक्ला महांती ने बताया कि अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद् (एआईसीटीई) द्वारा निर्गत पत्र के माध्यम से एमबीए की 60 सीटों के लिए संबद्धता संवर्धन मिला है। गौरतलब है कि मंगलवार को एआईसीटीई में आवेदन का आखिरी दिन था। प्राचार्या के नेतृत्व में दिन-रात मेहनत करके पिछले सोमवार को सभी प्रावधानों के तहत आवेदन प्रक्रिया पूरी कर ली गई तथा महाविद्यालय ने एआईसीटीई द्वारा दिए गए निर्देशों का अनुपालन करते हुए सभी आवश्यक शर्तों को पूरा कर लिया। यह पाठ्यक्रम कॉलेज में वर्ष 2017-18 से लगातार संचालित होता रहा है। शीघ्र ही नामांकन आदि के संबंध में महाविद्यालय प्रशासन द्वारा निर्णय लिया जाएगा।
बुधवार से छात्राओं से सीधी बातचीत करेंगी प्राचार्या
वीमेंस कॉलेज में अनूठी पहल की गई है। कॉलेज की छात्राओं की समस्याओं को जानने और उनका तत्काल समाधान करने के उद्देश्य से प्राचार्या प्रो. (डॉ.) शुक्ला महांती बुधवार से खुद ऑनलाइन रूबरू होंगी। महाविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी समय सारणी के अनुसार सबसे पहले 17 जून को सुबह 11:30 से 12:30 बजे तक गृह विज्ञान व क्लिनिकल न्यूट्रीशन विभाग की छात्राओं से और 1:00 बजे से 2:00 बजे तक अर्थशास्त्र की छात्राओं से प्राचार्या गूगल मीट ऐप्लीकेशन के माध्यम से जुड़ेंगी। इसी तरह 18 जून को 11:30 से 12:30 बजे तक एमकॉम सेमेस्टर 4 और 1:00 से 2:00 तक एमकॉम सेमेस्टर 2 की छात्राओं से बातचीत करेंगी। इस दौरान वे उन्हें ऑनलाइन परीक्षा के तकनीकी पक्षों की बारीकियों से अवगत कराएंगी तथा कोविड-19 के समय में मानसिक रूप से स्वयं को मजबूत रखने के लिए काउंसलिंग भी करेंगी। उन्होंने कहा कि हमारी छात्राएं शुरू से मजबूत इच्छाशक्ति की रही हैं। शैक्षिक और सह शैक्षिक गतिविधियों में उन्होंने देश भर में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ पाई हैं। वे सभी मेरी बेटियाँ हैं। किसी भी तरह की समस्या को वे निसंकोच मुझसे कह सकती हैं। उनकी हर समस्या का समाधान करना मेरा धर्म है। महाविद्यालय प्रशासन हमेशा उनके साथ है।







