
जमशेदपुर : जिला के अग्रणी बैंक, बैंक ऑफ इंडिया के पदाधिकारियों के असंवेदनशील रवैये के कारण जिला में कोविड-19 की आधुनिक मशीन अब तक नहीं लग पायी है। रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम की ओर से मिली जानकारी के अनुसार सोसाइटी द्वारा 21 लाख रुपये की राशि विभिन्न किस्त में बैंक ऑफ इंडिया, जमशेदपुर के चेक के माध्यम से एम.जी.एम. कॉलेज के प्रिंसिपल को प्रदान किया था। लेकिन आज के समय में जब चेक 24 घंटे के अंदर क्लियर होता है, ऐसे समय में रेड क्रॉस सोसाइटी जैसी संस्था के द्वारा दिया गया चेक अब तक क्लीयर नहीं हो सका है. एम.जी.एम. जैसे संस्थान को प्रदान किया गया चेक, तीन बार इमेज नॉट क्लीयर कहकर लौटाया जा चुका है। आज जब बैंक ऑफ इंडिया के एल.डी.एम. को इसकी सूचना दी गयी, तो उन्होंने इस पर आश्चर्य जताया और अपने पदाधिकारियों के रवैये के प्रति रोष व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे पदाधिकारियों की जांच कर उचित कार्रवाई की जायेगी। जहां कोविड-19 जांच को तेज करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा हरसंभव प्रयास किये जा रहे हैं, वैसे में इस प्रकार बैंक के पदाधिकारी सरकार के प्रयासों को कमजोर करने में लगे हैं।







