
चाईबासा : एक ओर सरकार से लेकर स्थानीय प्रशासन लोगों को सोशल डिस्टेंस और मास्क लगाकर ही बाजार में निकलने के लिए जागरुक कर रहा है लेकिन इसका असर ग्रामीणों में होता दिखाई नहीं दे रहा है। यही वजह कि हाट-बाजार में ये ग्रामीण न तो सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर रहे हैं न ही मुंह पर मास्क लगा रहे हैं और लोग प्रशासन की मेहनत पर पानी फेर रहे हैं। ऐसे में यह लापरवाही इन ग्रामीणों के लिए भारी पड़ सकती है। जिससे कोरोना वायरस का संक्रमण फैल सकता है। कुमारडुंगी मुख्यालय से करीब 10 किलो मीटर दूर स्थित अंधारी गांव के मुख्य सड़क किनारे रविवार को लगने वाली सप्ताहिक सब्जी व अन्य दुकाने में लोगों का जमावड़ा लगता हुआ देखा जा रहा है। समूह में खड़े होने वाले लोगों के द्वारा न तो सामाजिक दूरी बनाई जा रही है और न ही मास्क का उपयोग किया जा रहा है। रविवार को अंधारी चौक में प्रत्येक सप्ताह लगने वाली साप्ताहिक बाजार कोरोना काल के दौरान बंद करवाया गया था फिर भी नजदीक के लोग डेली मार्केट की तरह चौक में बाजार लगा रहे थे। रविवार को मझगांव, चाईबासा, भरभरीया व अन्य जगह से आकर व्यापारी बाजार लगाना शुरू कर रहे थे। चाईबासा शहर में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या लगातार बढ़ने से गांव वालों ने एहतियात के तौर पर बाजार बंद करवाया। व्यापारीयों को सामान उठाकर वापस जाने को कहा गया।







