
जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना अंतर्गत बड़ौदा घाट से होकर गुजरने वाली खरकई नदी में एक 13 वर्षीय मासूम के डूबने से इलाके में सनसनी फैल गई है. बताया जाता है कि युवक परिजनों के साथ मां मनसा की प्रतिमा का विसर्जन करने गया था. इसी दौरान कलश में पानी लेने नदी में उतरने के क्रम में युवक का पैर फिसल गया, जिसे बचने के क्रम में एक के बाद एक कर तीन सदस्य पानी के तेज बहाव में बहने लगे, जिसमें दो छोटे बच्चे भी थे. वहीं पास ही एक कबाड़ चुन रहे युवक ने अपनी जान की परवाह किए बगैर एक पुरुष एवं एक बच्चे को बचा लिया, जबकि एक अन्य 13 वर्षीय किशोर पानी के तेज बहाव में बह गया. उसे बचाया नहीं जा सका. घटना के बाद इलाके में मातम पसर गया है. सभी खासमहाल सदर अस्पताल के पीछे मेडिकल बस्ती के रहने वाले बताए जा रहे हैं. घटना की सूचना मिलते ही बागबेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों के सहयोग से युवक को ढूंढने के प्रयास में जुट गई है. माना जा रहा है कि मासूम के जीवित होने की संभावना कम ही है.








