
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड के जामुआ पंचायत के बामनडीह निवासी शहीद साबुआ हांसदा को श्रद्धांजलि देने पहुंचे, मंत्री चंपई सोरेन से केरूकोचा आसेका कमेटी के सदस्यों ने ज्ञापन सौंपा. सौंपे गये ज्ञापन में कहा है कि केरूकोचा हाट मैदान परिसर स्थित आसेका कार्यालय सह ओलचिकी लिपि में पढ़न पाठन के लिए विधायक निधि से निर्माण किया जा रहा है. कहा कि कार्यालय सह भवन निर्माण में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. कमेटी के सदस्यों ने ज्ञापन सौंपकर मंत्री चंपई सोरेन से भवन निर्माण में आर्थिक सहयोग करने की मांग की है. कमेटी के सदस्यों को मंत्री ने आश्वस्त किया है कि वे यथासंभव सहयोग करेंगे.
कमेटी के सदस्यों ने कहा कि ओलचिकी भाषा के विस्तार के उद्देश्य से केरूकोचा में स्कूल का निर्माण किया जा रहा है ताकि संथाली समाज के युवक -युवती अपनी मातृभाषा में शिक्षा प्राप्त कर सके. कहा कि इससे हमारी भाषा और संस्कृति की रक्षा होगी. कमेटी के आग्रह पर मंत्री ने आसेका कार्यालय सह स्कूल भवन निर्माण कार्य का निरीक्षण किया. मौके पर घाटशिला के विधायक रामदास सोरेन, बहरागोड़ा के विधायक समीर महंती, महाबीर मुर्मू, घनश्याम महतो, आसेका के झारखंड अध्यक्ष सुभाष चन्द्र मांडी, संगठन सचिव शंकर सोरेन, बयला सोरेन, बदेन चन्द्र हांसदा, डमन मांडी, मंगल हांसदा समेत अन्य उपस्थित थे.







