
घाटशिला : आदिवासी बहुदेशीय उत्थान सहकारिता समिति के तत्वावधान में आयोजित रक्तदान शिविर ग्रेन स्टोर मउभंडार में किया गया.रक्तदान शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित डॉ सुनीता देवदूत सोरेन और प्रो मित्रेश्वर द्वारा संयुक्त रूप से डॉ भीमराव अम्बेडकर और बिरसा मुंडा की तसवीर पर पुष्पअर्पित कर श्रद्धांजलि देकर शिविर का उदघाटन किया. मौके पर डॉक्टर सुनीता देवदूत सोरेन ने कहा कि रक्तदान प्रेरणादायक होता है. रक्तदान महादान है, हम रक्तदान कर किसी मनुष्य के जीवन को सुरक्षित करने का अतुलनीय कार्य करते हैं. कहा कि रक्तदान करने से हमारे अंदर प्रसन्नता का भाव उत्पन्न होता है.
रक्तदान से हम एक साथ कई जरूरतमंद और मरणासन्न व्यक्तियों की जान बचा सकते हैं. प्राचीन भारत में ऋषि दधीचि ने तो अपने शरीर की अस्थियों का दान कर श्रेष्ठ उदाहरण प्रस्तुत किया है. अब तक मानव रक्त का कोई विकल्प नहीं खोजा जा सका है, इसलिए रक्तदान महादान कहलाता है. रक्तदान शिविर में अधिक से अधिक संख्या में लोग पहुंचकर रक्तदान कर पुण्य का भागीदार बने. शिविर में 20 यूनिट रक्त संग्रह हुआ. रक्तदान शिविर में पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष संजय मुर्मू, कार्यकारिणी अध्यक्ष अनिता मुर्मू, राजेश मार्डी, भोंजो सिंह बानरा, सुपाई सोरेन, सुदाम हैम्ब्रम, नीमा रजक, कुमार सन्नी मांडी, विजय मुर्मू समेत अन्य उपस्थित थे.













