
जमशेदपुर : सरायकेला जिले में सड़क हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं. आए दिन जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हो रहे सड़क दुर्घटनाओं से सड़क पर चलना दुश्वार हो गया है. आपको बता दें कि बीते एक पखवाड़े के भीतर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में एक दर्जन के आसपास लोग असमय काल कवलित हो चुके हैं. वैसे बीते एक साल के भीतर सरायकेला-खरसावां जिला में एक सौ से भी अधिक लोगों की जान सड़क हादसों में जा चुकी है. ताजा घटना सरायकेला थाना क्षेत्र की है, जहां बीती रात दुगनी के समीप सड़क के किनारे खड़े ट्रक में टक्कर मारने से मोटरसाइकिल सवार दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों का नाम मोहम्मद अलीम और मोहम्मद रहीम बताया जा रहा है. दोनों घागी गांव के रहने वाले थे. बताया जाता है कि दोनों चंद्रपुर से अपने जीजा के घर से लौट रहे थे. उसी दौरान यह घटना घटी. देर रात पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. उधर घटना के बाद परिजनों में मातम पसर गया. वैसे लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस के पास कोई ब्लूप्रिंट नजर नहीं आ रहा. ट्रैफिक पुलिस जगह-जगह तैनात जरूर है, लेकिन उनकी जिम्मेवारी सिर्फ कागज-पत्तर, हेलमेट और मास्क जांच तक ही सीमित रह गई है. जहां-तहां सड़कों पर खड़े ट्रकों से इनका कोई सरोकार नहीं रह गया है. भीड़भाड़ वाली जगहों पर भी इनकी भूमिका नगण्य ही नजर आ रही है.






