
आदित्यपुर : सरायकेला जिला के आदित्यपुर स्थित माझी टोला में दीप्ति कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड पर सम्पूर्ण सहकारी निर्माण समिति के नाम पर 25 अप्रैल 2011 को किए गए एग्रिमेंट में फर्जीवाड़ा का आरोप लगाते हुए समिति के सदस्य बिल्डर के खिलाफ गोलबंद हो रहे हैं. इस समिति की ओर से 36 कट्ठा जमीन पर आवासीय परिसर निर्माण कर समिति के सदस्यों को 48 महीने के भीतर हैंडओवर करना है, लेकिन अबतक बिल्डर अपने एग्रीमेंट के अनुसार काम करा पाने में विफल रहा है. आपको बता दें कि इस समिति में टाटा वर्कस यूनियन के पूर्व अध्यक्ष आरबीबी सिंह एवं वर्तमान जुस्को यूनियन के अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय सहित 16 सदस्यों का निबंधन है, लेकिन बिल्डर एग्रीमेंट के आधार पर समिति के सदस्यों को फ्लैट मुहैया कराने में असफल रहा है. बिल्डर का नाम विनय कुमार चौबे बताया जा रहा है. बताया जाता है कि बिल्डर द्वारा उक्त भूखंड के आसपास अन्य फ्लैट बनाकर बेचा जा रहा है. लेकिन इस सोसाइटी के तहत बनाए जा रहे फ्लैटों को आधा अधूरा बना कर छोड़ दिया गया है, जिससे सोसाइटी के सदस्यों में नाराजगी है. इसको लेकर सदस्य गोलबंद हो रहे हैं. जल्द ही बिल्डर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की तैयारी कर रहे हैं. वैसे सोसाइटी के सदस्यों ने आम लोगों से दीप्ति कंस्ट्रक्शंस प्राइवेट लिमिटेड के तहत बन रहे फ्लैटों में रजिस्ट्रेशन नहीं कराने की अपील की है.





