
जमशेदपुर : जमशेदपुर का बर्मामाइंस स्थित केरला पब्लिक स्कूल उस वक्त रणक्षेत्र बन गया, जब स्कूल की छुट्टी के बाद छात्र आपस में ही भिड़ गए. इस दौरान 30 से 40 की संख्या में छात्र आपस में भिड़ गए. दोनों पक्ष के बीच जमकर लात-घूसे भी चले. जिसे जो कुछ मिला उसी से मारपीट करने लगा. इधर मारपीट होता देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना पाकर बर्मामाइंस पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस वाहन को देखते ही सभी मौके से फरार हो गए. हालांकि पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिए है. पुलिस उसे उठाकर थाने ले गई है. (नीचे भी पढ़ें)

मिली जानकारी के अनुसार स्कूल से पासआउट हुए कुछ युवक स्कूल के बाहर अड्डेबाजी कर रहे थे. जब स्कूल के छात्रों ने इसका विरोध किया तो सभी ने मारपीट शुरू कर दी. इस घटना में कुछ छात्रों के घायल होने की भी सूचना है. ज्ञात हो कि लॉकडाउन के बाद बीते दिनों ही सरकार द्वारा हाई स्कूल खोलने की अधिसूचना जारी की गई है. इसके साथ ही शहर के स्कूल भी खुल गए हैं. फिलहाल पुलिस युवक से थाने में पूछताछ कर रही है.














