
जमशेदपुर : एबीएम कॉलेज में शुक्रवार को बहुभाषीय काव्य सम्मेलन के दौरान उपस्थित जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के विधायक मंगल कालिंदी को झारखंड अंगीभूत कॉलेज इंटरमीडिएट अनुबंध शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी मोर्चा की कॉलेज इकाई की ओर से अपनी मांगों व समस्याओं से संबंधित एक मांगपत्र सौंप कर समाधान की मांग की गयी. मांग पत्र के माध्यम से शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के मानदेय वृद्धि करने, सेवा शर्त नियमावली बनाने, स्थायीकरण आदि की मांगों से सत्तारूढ़ दल के सचेतक सह जुगसलाई विधायक श्री कालिंदी को अवगत कराया गया. साथ ही उन्हें बताया गया कि झारखंड राज्य में 50 से अधिक अंगीभूत कॉलेज हैं, जहां पर इंटरमीडिएट संकाय की पढ़ाई संचालित हो रही है. जिसमें लगभग 4000 शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी अल्प वेतन एवं बिना किसी सामाजिक सुरक्षा के अपनी सेवाएं दे रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
विदित हो कि इंटर संकाय में छात्रों के नामांकन शुल्क से ही शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों का वेतन भुगतान होता है, परंतु इस मद में सरकार का कोई अंशदान या अनुदान ना मिलने के कारण पूरे राज्य के अंगीभूत कॉलेजों में इंटर संकाय को सुचारित रूप से संचालित करने में कॉलेज को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. इस कारण कोरोना काल में भी कई कॉलेज के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों का वेतन समय पर भुगतान प्रायः नहीं हो पाता है. इसीलिए शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी संघ के एक प्रतिनिधिमंडल इन समस्याओं की ओर विधायक श्री कालिंदी का ध्यान आकृष्ट कराया और उनसे आग्रह किया कि झारखंड के अंगीभूत कॉलेजों में कार्यरत इन सबों की समस्याओं की ओर सरकार का ध्यान आकृष्ट कर इस समस्या के समाधान की दिशा में उचित पहल करें. उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनकी मांग न्यायसंगत है और वह सरकार का ध्यान और इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रयासरत रहेंगे. प्रतिनिधिमंडल में संघ के अध्यक्ष नवनीत कुमार सिंह, उपाध्यक्ष यूके राना, महासचिव भवेश कुमार, सचिव राधेश्याम तिवारी, डॉ अंजुम आरा, डॉ अवध समेत सभी शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी शामिल थे.












