
जमशेदपुर : रंगमंच, नृत्य और संगीत के मोटिवेटर बृजेंद्र कुमार (बीके) लाल का रविवार की देर रात टीएमएच में निधन हो गया. वे 64 वर्ष के थे. वे अपने पीछे पत्नी, तीन पुत्री और दो पुत्र से भरापूरा परिवार छोड़ गए हैं. बीके लाल ने एमेच्योर आर्टिस्ट एसोसिएशन ऑफ जमशेदपुर (आज) की स्थापना कर कलाकारों को नई राह दिखाने का काम किया. 38 वर्षों तक संगीत, नृत्य और नाट्य की प्रतिभाओं को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन देकर मुकाम दिलाया. मशहूर प्ले सिंगर लता मंगेशकर, मो रफी और मुकेश की याद में संगीत की महफिल सजाने वाले बीके लाल ने शौकिया कलाकारों को मंच प्रदान करते रहे. वर्ष 1958 में जन्मे बीके लाल आर्ट एंड कल्चरल एकेडमी ऑफ झारखंड के अध्यक्ष, एसोसिएशन ऑफ ऑल इंडिया एमेच्योर आर्टिस्ट के महासचिव, संत जॉन्स एंबुलेंस ब्रिगेड के सदस्य रहे. ओड़िशा में नाट्य विभूषण, छत्तीसगढ़ में भरतमुनि राष्ट्रीय नाट्य सम्मान, हिमाचल प्रदेश में बलराज साहनी नेशनल अवार्ड, इलाहाबाद में नाट्यश्री सम्मान से अलंकृत हुए.











