
रांची : झारखंड सरकार ने अनलॉक की तैयारी शुरू कर दी गयी है. तीन जून से अनलॉक की शुरुआत होगी. लॉकडाउन यानी स्वास्थ्य जागरुकता सप्ताह के समय को तो नहीं बढ़ाया जायेगा, लेकिन अनलॉक भी काफी सावधानीपूर्वक किया जायेगा. यहीं वजह है कि खुद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आम जनता से इस पर सुझाव मांगे है और कहा है कि वे लोग खुद सुझाव दें कि किस तरह अनलॉक किया जाये. बड़े पैमाने पर लोग सुझाव भी दे रहे है. इस बीच अनलॉक को लेकर मंगलवार की शाम को अहम बैठक आपदा विभाग की बुलायी गयी है. इस बैठक में विस्तार से चर्चा की जायेगी. इससे पहले मंगलवार को सारे जिले के डीसी और सिविल सर्जन से रिपोर्ट तलब की गयी है कि कैसी स्थिति कोरोना की है और किस तरह की रोकथाम करने की जरूरत है. ऐसे में यह उम्मीद जतायी जा रही है कि हर जिले में एक्टिव केस कितने है, उसके अनुसार हर जिले के लिए अलग-अलग नियम लगाये जायेंगे. गांवों के लिए अलग और शहरों के लिए अलग व्यवस्था की जायेगी. सरकार यह विचार कर रही है कि कुछ दिन कुछ दुकानें और कुछ दिन कुछ और दुकानें खोली जाये ताकि संक्रमण फैलने से रोका जा सके और लोग घरों से बाहर कम आ सके. सरकार ने कह दिया है कि जोन में बांटकर अनलॉक किया जायेगा. यह तय किया गया है कि किसी भी हाल में ऐसा कोई फैसला नहीं करेगी, जिससे कि संक्रमण फैल जाये. ग्रीन, रेड और येलो जोन बनाकर जिले में अनलॉक को लागू किया जायेगा. जहां ज्यादा केस होंगे, वहां कम चीजें खोली जायेगी. इसके लिए हर जिले के उपायुक्त को ही जिम्मेदार बनाया जायेगा. पोजिटिविटी रेट कितना है, इसका भी आकलन किया जायेगा. मंगलवार की शाम को हुई बैठक के बाद बुधवार को बैठक फिर से होगी, जिसके बाद घोषणा संभव है. वैसे यह भी संभव है कि मंगलवार को ही इसकी घोषणा कर दी जाये.





