
रांची : झारखंड में 10 जून की सुबह 6 बजे तक ही 3 जून से लागू नये लॉकडाउन को लागू किया गया है. इस कारण 10 जून की सुबह 6 बजे से नये नियमों के तहत अनलॉक की प्रक्रिया शुरू की जायेगी. कोरोना के केस में काफी कमी आयी है. वहीं, जमशेदपुर समेत 9 जिले में 3 जून को लागू किये गये अनलॉक के बावजूद काफी ज्यादा पाबंदी रखी गयी थी. जमशेदपुर, रांची, बोकारो, धनबाद समेत कई जिले में जूता-चप्पल, कास्मेटिक, ज्वेलरी और कपड़े की दुकानों को छोड़कर सारी दुकानों को खोल दिया गया था जबकि दो बजे तक अन्य सारे जिले में सभी दुकानों को खोलने की इजाजत दी गयी थी. अब 10 जून से राज्य सरकार कोरोना के केस में आयी कमी के तहत नये बदलाव करने जा रही है. इसको लेकर आपदा प्रबंधन की बैठक मंगलवार की देर शाम या फिर बुधवार की सुबह तक बुलायी जा सकती है, जिसमें इस फैसले पर मुहर लग जायेगी. इसके तहत कई सारे नये बदलाव किये जा सकते है. यह संभव है कि जहां कोरोना के केस कम है, वहां शाम के 6 बजे तक ही दुकानों को खोलने की इजाजत होगी और सभी दुकानों को खोलने की इजाजत दी जायेगी. जिन 9 जिले में कोरोना के केस ज्यादा थे, वहां के केस की समीक्षा की जायेगी और अगर कोरोना के केस में कमी आयी है तो वहां जूता-चप्पल, ज्वेलरी, कास्मेटिक और कपड़ें की दुकानों को खोलने की भी इजाजत दी जायेगी. वहीं वहां के समय को दोपहर दो बजे तक ही रखा जा सकता है या फिर वहां भी शाम को 6 बजे तक दुकानों को खोलने की इजाजत दी जा सकती है. राज्य सरकार को आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से अनुशंसा की गयी है कि जमशेदपुर, रांची समेत अन्य जिलें में केस काफी कम आ चुके है, इस कारण दुकानों को खोला जा सकता है. वैसे सरकार दिल्ली की तर्ज पर ऑड इवेन नंबर के जरिये भी बाजारों को खोल सकती है.
राज्य के सारे मॉल और मल्टीब्रांड स्टोर, सैलून, स्पा और जिम को खोलने पर अभी पाबंदी रहेगी, शादी-विवाह और अंतिम संस्कार में थोड़ी ढील दी जा सकती है
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अभी मॉल, मल्टीब्रांड स्टोर, सैलून, स्पा और जिम को खोलने पर अभी पाबंदियां रहेगी. जिन जिलों में पहले से केस कम है, वहां शादी विवाह समारोह में लोगों के आने की संख्या को 50 तक करने की भी योजना है. जहां केस ज्यादा है, वहां पर शादी-विवाह और अंतिम संस्कार पर पूरी तरह से पाबंदी लगी रहेगी.




