
देवघर : कोरोना काल में सभी सरकारी और निजी शैक्षणिक संस्थान लगातार बंद रहने से खासकर छात्रों का काफी नुकसान हुआ है।हालांकि इस दौरान ऑनलाइन क्लास की व्यवस्था जरूर की गई,लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों के पास स्मार्ट फोन या लैपटॉप की सुविधा उपलब्ध नहीं होने से उन्हें ऑनलाईन क्लास की सुविधा से वंचित रहना पड़ा है।कोरोना की तीसरी लहर की सुगबुगाहट के बीच बच्चों को इसका सॉफ्ट टारगेट बताया जा रहा है, ऐसे में अभी स्कूल या कॉलेज खोलने का निर्णय काफी जोखिम भरा कदम हो सकता है। (नीचे भी पढ़ें)

ऐसी स्थिति में देवघर जिला प्रशासन ने जरूरतमंद छात्र-छात्राओं के लिए मोबाइल बैंक बनाने की पहल की है।इसके तहत उपायुक्त द्वारा लोगों से नया या पुराना स्मार्टफोन और लैपटॉप इस बैंक में जमा कर इसके जरिये जरूरतमंद बच्चों को ऑनलाइन क्लास के लिए मदद करने की अपील की गई है।अगर इस मोबाइल बैंक के जरिये लोग मदद के लिए आगे आते हैं तो वैसे बच्चों को इसका सीधा लाभ मिल पायेगा जो संसाधन के अभाव में ऑनलाइन क्लास की सुविधा से बंचित रह जा रहे हैं।देवघर उपायुक्त मंजुनाथ भजंत्री ने लोगों से इस नेक कार्य के लिए आगे आने और होनहार छात्रों को उनकी पढ़ाई में मदद करने की अपील की है।














