
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड में विभिन्न पंचायतों के लिए खरीदी गई सोलर लाईट में लगभग 31 लाख रुपए के घोटाले का आरोप लगा है. नियम को दरकिनार कर जरेडा की निर्धारित दर से सोलर लाईट की खरीद नहीं कर राज्य के विभिन्न जगहों से मनमाने दरों पर घटिया सोलर लाईट की खरीदारी की गयी, जिसके एक-दो घंटे जलने के बाद रोशनी कम हो जाती है. इस सम्बन्ध में भारतीय सूचना अधिकार रक्षा मंच के जिलाध्यक्ष प्रकाश महतो एवं जिला कोषाध्यक्ष कुंज बिहारी मंडल ने जिले के उपायुक्त को एक ज्ञापन सौंपकर जांच एवं कारवाई करने की मांग की है. गौरतलब है कि आरटीआई कार्यकर्ता कुंज बिहारी मंडल ने पहले सूचना का अधिकार के माध्यम से इस सम्बन्ध में राजनगर बीडीओ से विस्तृत सूचनाएं मांगी, तो ज्ञात हुआ कि सरकार के सचिव ने इस सम्बन्ध में आदेश दिया था कि जरेडा से ही सोलर लाईट की खरीदारी की जाये. जिसका दाम भी कम है और खराब होने से सर्विस मिलेगी. लेकिन राजनगर की विभिन्न पंचायतों में लगभग 268 सोलर लाईट की खरीदारी रायल इंस्ट्रूमेंट एंड कम्पनी, आदित्य इंजीनियरिंग वर्क्स एवं कई लोकल दुकानों से 31 हजार प्रति सोलर की दर पर की गयी. जबकि जरेडा में उसी सोलर लाईट का मूल्य प्रति सोलर 18 हजार 500 रुपए है. ज्ञापन सौंपने के बाद उपायुक्त ने मंच के अधिकारियों को आश्वस्त किया कि इस मामले की जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी.












