
देवघर : झारखंड के देवघर जिला के सदर अस्पताल के मरीजों को अब सिटी स्कैन के लिए निजी संस्थानों का रुख नहीं करना पड़ेगा. झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता द्वारा देवघर सदर अस्पताल में सिटी स्कैन सुविधा का ऑनलाइन शुभारंभ किया गया. मौके पर मौजूद देवघर उपायुक्त मंजुनाथ भजंत्री ने बताया कि पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप के तहत इसकी सुविधा देवघर सदर अस्पताल को उपलब्ध हुई है. (नीचे देखे पूरी खबर और देखे वीडियो)
इसके तहत अब मरीजों को सरकारी दर पर सिटी स्कैन की सेवा उपलब्ध हो सकेगी. बीपीएल कार्डधारी मरीजों को यह सुविधा मुफ्त उपलब्ध कराई जाएगी. सरकार द्वारा इनके बिल का भुगतान किया जाएगा. उपायुक्त ने बताया कि देवघर सहित पूरे संतालपरगना के मरीजों को अब काफी कम दर पर सिटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध होगी. देवघर सदर अस्पताल के उपाधीक्षक बीपी सिंह ने इसे एक बड़ी उपलब्धि बताया. उन्होंने कहा कि इससे खासकर गरीब मरीजों को इलाज़ में बहुत राहत होगी.



