
जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय अपने विधानसभा क्षेत्र में आयुष्मान योजना के सभी पहलुओं की जानकारी बढ़ाने के लिये एक प्रशिक्षण शिविर आयोजित करेंगे. शिविर में ऐसे व्यक्ति एवं कार्यकर्ता भाग लेंगे जो स्वास्थ्य विभाग की आयुष्मान योजना का लाभ ज़रूरतमंदों तक पहुँचाने के काम में सक्रिय होना चाहते हैं. यह जानकारी उन्होंने कोल्हान क्षेत्र के आयुष्मान पदाधिकारियों के साथ अपने आवासीय कार्यालय में हुइ बैठक के बाद दिया. बैठक में आयुष्मान योजना के तहत इलाज कराने वाले मरीज़ों की परेशानियों को दूर करने के बारे में विचार विमर्श हुआ. (नीचे भी पढ़ें)
श्री राय ने आयुष्मान योजना के कोल्हान पदाधिकारियों को बताया कि आयुष्मान योजना के तहत इलाज के लिये भर्ती मरीज़ों से जाँच और ओपीडी का फ़ीस लिया जाता है जो कि नियमानुकूल नहीं है. पदाधिकारियों ने इस पर सहमति जतायी और कहा कि ऐसे मामलों में शिकायत मिलने पर वे मरीज़ों का पैसा वापस कराते हैं, श्री राय ने कतिपय बड़े अस्पतालों का नाम लेकर बताया कि उन अस्पतालों में मरीज़ों से जाँच एवं ओपीडी के नाम पर अधिक पैसे वसूले जाते हैं. आयुष्मान अधिकारियों ने कहा कि वे ऐसे अस्पतालों के विरूद्ध कारवाई की अनुशंसा करेंगे. उन्होंने कहा कि आयुष्मान से जुड़े अस्पतालों में पूरा इलाज मुफ़्त होता है. मरीज़ को एक पैसे का भुगतान नहीं करना है. आवश्यकता है कि इस बारे में जागरूकता फैलाई जाये. इस पर तय हुआ कि इस बारे में जागरूकता के लिए एक प्रशिक्षण शिविर लगाया जायेगा.




