
बोकारो : भोजपुरी, मगही व अंगिका को क्षेत्रीय भाषा में शामिल किये जाने के खिलाफ बोकारो व धनबाद में स्थानीय संगठन विरोध-प्रदर्शन पर उतर आये हैं. इसी कड़ी में रविवार को बोकारो में लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे थे. उसी दौरान कोडरमा के पूर्व सांसद प्रो रवींद्र राय पर बोकारो में प्रदर्शनकारियों ने हमला कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने रविंद्र राय के वाहन पर पत्थरबाजी की, जिससे वाहन के शीशे टूट गये. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने वाहन में भी तोड़फोड़ की. इधर रवींद्र राय किसी तरह जान बचा कर निकले और मुसफ्फिल थाने में मामले की लिखित शिकायत की है. (नीचे भी पढ़ें व वीडियो देखें)
रवींद्र राय घटना के वक्त रांची से धनबाद होते हुए कोडरमा की ओर लौट रहे थे. रास्ते में दामोदर नदी से पहले पेट्रोल पंप के पास भाषा विवाद को लेकर कुछ लोग मानव श्रृंखला बनाकर विरोध-प्रदर्शन कर रहे थे. जैसे ही रवींद्र राय की गाड़ी वहां पहुंची वहां कुछ लागों ने उन्हें रोका और भाषा विवाद को लेकर उन्हें समर्थन देने को कहा. इस दौरान रवींद्र राय ने उन्हें आश्वासन दिया कि वे इस मामले को मंत्रियों तक पहुंचाएंगे. इतने में ही कुछ प्रदर्शनकारियों ने पथराव शुरू कर दिया और उनके वाहन में लगे पार्टी के झंडे को भी तोड़ दिया. इसी बीच उन्ही में से किसी ने वाहन को किसी तरह बाहर निकलवाने में सहायता की. रवींद्र राय के अनुसार अगर वे कुछ देर और वहां रहते तो उनके वाहन को आग लगा दी जाती.




