प्रकाश दास / गालूडीह : देश आजादी के 75 साल होने पर अमृत महोत्सव मन रहा है, लेकिन जोड़िसा पंचायत के छोलागोड़ा गांव के बनडीह टोला जाने के लिए आज तक सड़क नहीं बनी। गांव में आने-जाने का जो मुख्य रास्ता है, वह कच्चा है और ग्रामीणों के पास धूल और बरसात में दलदल से भरे रास्ते होकर गुजरना ही एकमात्र विकल्प है। ग्रामीणों की हालत यह है कि रोज स्कूल जाने वाले बच्चों से लेकर बीमार लोगों को भी इसी रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है। ग्रामीणों के अनुसार हर बार चुनाव के समय वोट मांगने के लिए आने वाले नेता सड़क बनाने का सिर्फ आश्वासन देकर जाते हैं। गांव के लोगों को कच्ची सड़क पर चलना पड़ता है। जिससे गिरने और चोट लगने की आशंका लगातार बनी रहती है। उन्होंने बताया कि कई बार गांव वालों ने सड़क के लिए मांग की लेकिन कोई सुनवाई नहीं की गई। बता दें कि ग्रामीणों ने जल्द से जल्द सड़क निर्माण की मांग की है।




