जमशेदपुर : जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज के प्राचार्य डॉ सत्यप्रिय महालिक के प्राचार्य के कार्यकाल के प्रथम पांच वर्ष पूरे होने और दूसरे कार्यकाल के आरम्भ होने के उपलक्ष्य में सोमवार को कॉलेज कैंपस में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकों, घंटी आधारित शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मी, एजेंसी स्टाफ, एवं अन्य की तरफ से पुष्प गुच्छ तथा शॉल देकर प्राचार्य को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम का संचालन करते हुए मुख्य सहायक श्री मनमोहन ने प्राचार्य के कार्यकाल की उपलब्धियों की विस्तृत चर्चा की. वरिष्ठ शिक्षक डॉ. वी के मिश्रा, डॉ ए के महापात्रा, प्रो एस सी दास, प्रो हरेन्द्र पंडित ने प्राचार्य महोदय को उनके अगले कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं तथा बधाइयां दी और उनके कुशल नेतृत्व में महाविद्यालय को नयी उपलब्धियां प्राप्त करने में विश्वास जताया. (नीचे भी पढ़ें)
प्राचार्य डॉ सत्यप्रिय महालिक ने अपने वक्तव्य में सभी का आभार प्रकट करते हुए अपने कार्यकाल के अनुभवों का जिक्र किया. उन्होंने आशा व्यक्त की कि आनेवाले समय में महाविद्यालय के जिस प्रकार से समुचित विकास के लिए वे पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं, उसके लिए महाविद्यालय के सभी शिक्षकों शिक्षकेत्तर कर्मियों तथा अन्य सभी से पूर्ण सहयोग प्राप्त होगा. कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ लाडली कुमारी ने किया.




