जमशेदपुर : जमशेदपुर उत्पाद विभाग ने पोटका थाना पुलिस के सहयोग से पिछली एवं रानीकुदर गांवों में छापामारी कर वहां चल रही छह अवैध महुआ शराब भट्ठियां ध्वस्त कर दीं, जबकि वहां से बड़ी मात्रा में शराब बनाने की सामग्रियां एवं उपकरण जब्त किये हैं. (नीचे भी पढ़ें)

आबकारी विभाग के अधिकारियों को पोटका प्रखंड के पिछली एवं रानीकुदर गांवों में शराब माफियों द्वारा रात के अंधेरे में अवैध महुआ शराब की चुलाई किये जाने की गुप्त सूचना मिली थी. इसी के आलोक में विभाग की टीम ने पोटका पुलिस के सहयोग से देर रात दोनों गांवों में छापामारी की. अधिकारियों ने वहां से अवैध शराब के साथ ही वहां काम में लाये जा रहे दो जेनरेटर भी जब्त किया है. (नीचे भी पढ़ें)
इन दोनों गांवों में अवैध महुआ शराब बनाने की छह भट्ठियां चल रही थीं, जिन्हें उत्पाद अधिकारियों ने ध्वस्त कर दिया एवं वहां से 270 लीटर अवैध महुआ शराब, 40,800 किलो जावा महुआ जब्त किया. इसके अलावा वहां से शराब बनाने के काम आने वाली एल्युमिनियम की 18 डेगचियां, 300 किलो गुड़, 350 किलो चीनी, 100 किलो सूखा महुआ, दो मोटरसाइकिलें, दो जेनरेटर, एक सैमसंग फोन और एक साइकिल व इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी जब्त किया है. हालांकि इस अभियान में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पायी है.











