जमशेदपुर : साकची सीजीपीसी कार्यालय के पास मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ. यह हंगामा गुरुद्वारा परिसर स्थित छात्रावास की कैंटीन को लेकर हुआ. सीजीपीसी के प्रधान ने अब कैंटीन का संचालन सीजीपीसी द्वारा किये जाने का फैसला किया है. इसी के बाद हंगामा शुरू हुआ. (नीचे भी पढ़ें)
बताते हैं कि कैंटीन चलाने का दावा करते हुए जोगिंदर सिंह जोगी अपने कुछ लोगों के साथ जबरन छात्रावास में घुस गये एवं वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों के साथ मारपीट करते हुए उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया. इसकी सूचना मिलते ही सीजीपीसी के प्रधान भगवान सिंह मौके पर पहुंचे. बता दें कि प्रधान भगवान सिंह के पिता का निधन हुआ है, जिनका पार्थिव शरीर घर पर रहते हुए बवाल बढ़ने पर वे सीजीपीसी कार्यालय पहुंचे एवं साकची थाने को इस मामले की जानकारी दी. इसके बाद साकची पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी. (नीचे भी पढ़ें)
भगवान सिंह का कहना है कि सारे विवाद की जड़ छात्रावास में चल रही कैंटीन है. कैंटीन को किसी भी हालत में किसी अन्य व्यक्ति को संचालित नहीं करने दिया जाएगा. एक फरवरी से सीजीपीसी ही कैंटीन का संचालन करेगी. उन्होंने मामले से प्रभात कुमार को अवगत करा दिया है. उन्होंने कहा कि पिता के अंतिम संस्कार के बाद वह मामले की लिखित शिकायत करेंगे.












