अनिल कुमार/बोकारो : यहां पेटरवार में दो बाइकों में आमने-सामने से हुई टक्कर में तीन लोग जख्मी हो गये, जिनमें से दो लोगों की स्थिति गंभीर थी. सभी घायलों को पेटरवार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां चिकित्सा पदाधिकारी डॉ कुंदन राज ने उनमें से एक को मृत घोषित कर दिया. यह घटना पेटरवार-तेनू पथ पर ओरदाना के निकट सिसियारी के पास अपराह्न साढ़े तीन बजे घटी. (नीचे भी पढ़ें)
गंभीररूप से घायल एक अन्य युवक को बेहतर इलाज के लिए बोकारो सदर अस्पताल भेजवा दिया गया है. रामगढ जिले के गोला थाना क्षेत्र के बूट गोडवा गांव निवासी बीरबल चौधरी ओरदाना स्थित खूटाबाबा मंदिर से पूजा-अर्चना कर बाइक से अपने घर बूट गोडवा लौट रहे थे. इसी दौरान गोला थाना क्षेत्र के चोकाद गांव निवासी सुनील घासी व फुसरो निवासी जीतू घासी को लेकर फुसरो जा रहा था. इसी दौरान सिसियारी के पास एक हाइवा को ओवरटेक करने के चक्कर में दोनों बाइक सामने -सामने से टकरा गय़ीं. इस टक्कर में तीन लोग घायल हो गए. गंभीर रूप से घायल व्यक्ति ने इलाज के लिए अस्पताल आते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया. बाइक सवार युवक सुनील घासी की स्थिति भी गंभीर बनी हुई थी, जिसे बोकारो सदर बेहतर चिकित्सा के लिए भेज दिया गया और मृतक को तेनुघाट पोस्टर्माटम के लिए भेज दिया गया.




