जमशेदपुर : साकची में शुक्रवार की सुबह 2 लोगों को पटक कर उनकी जान लेने वाले सांड को जिला प्रशासन ने पकड़कर गौशाला भेज दिया है. सांड़ द्वारा 2 लोगों की जान लिए जाने के बाद अफरा-तफरी मच गई थी. एसडीओ पीयुष कुमार सिन्हा मौके पर पहुंचे. उन्होंने टाटा स्टील, टाटा जू और जेएनएसी के अधिकारियों को मौके पर बुलाया. इसके बाद सांड़ को एक जगह घेरकर बैरिकेड कर दिया गया था. ताकि वह और उत्पात ना मचा सके. करीब चार घंटे बाद टाटा जू के डॉक्टरों द्वारा सांड को बेहोशी का इंजेक्शन प्लांट कर काबू में किया गया. इसके बाद टाटा स्टील की टीम ने जेसीबी के जरिए सांड को एक मालवाहक वाहन में लादा और गौशाला भिजवा दिया है. एसडीओ ने बताया कि सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंच गए थे. (नीचे भी पढ़ें)
इसे भी पढ़ें : जमशेदपुर में बड़ी घटना, सांड ने साकची में दो लोगों को पटककर मार डाला, मृतक में एक व्यापारी भी शामिल
गौरतलब है कि सांड के हमले में साकची के पेनार रोड के रहने वाले अशोक अग्रवाल और राज किशोर की मौत हुई है. यह दोनों सुबह-सुबह दूध लेने जा रहे थे. तभी इन्हें देखकर सांड भड़क गया और दोनों को उठा-उठा कर पटकने लगा. दोनों घायल हो गए थे. घटना की जानकारी मिलने पर लोग बाहर निकले और काफी शोर मचाया. तब सांड़ वहां से हटा और फिर दोनों को एमजीएम अस्पताल ले जाया गया. जहां उन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. दोनों के परिवार में गम का माहौल है. यह पहली बार नहीं है कि साकची बाजार में सांड ने किसी की जान ली हो. ऐसी घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं. लेकिन, जिला प्रशासन ने इस तरफ ध्यान नहीं दिया. वरना आज की घटना नहीं होती.




