जमशेदपुर : झारखंड विधानसभा के शून्य काल के दौरान जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने जमशेदपुर में बारीडीह और भुईयाडीह के आधा दर्जन स्थानों पर स्वर्णरेखा नदी से बालू की अवैध निकासी का मामला उठाया. विधानसभा में दी गई नोटिस में कहा कि पुलिस और खान विभाग को कई बार सूचना देने के बावजूद उनके जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में बारीडीह, भुईयाडीह के 6 घाटों पर स्वर्णरेखा से बालू की अवैध निकासी व्यवस्थित तरीक़ा से हो रही है. अवैध निकासी वाले बालू की क़ीमत बेतहाशा बढ़ गई है. सदन से सरयू राय ने मांग की है कि सरकार या तो इन घाटों को विधिवत बंदोबस्त करे या आम जनता को अपनी ज़रूरत के लिए वहां से बालू निकालने दे. अवैध बालू निकासी से नदी का पर्यावरण ख़राब हो रहा है. जनता के बीच इस पर आक्रोश है. (नीचे भी पढ़ें)

नदी में बनाए गये छठ घाटों पर इसका प्रतिकूल प्रभाव हो रहा है, घाट टूट रहे हैं. महिलाएं वहां स्नान करने नही जा पा रही हैं. आश्चर्य है कि जेटी जैसा स्थायी ढांचा खड़ा करके बालू की अवैध निकासी हो रही है. परंतु बार बार सूचना देने के बाद भी पुलिस और खान अधिकारी कारवाई नहीं कर रहे हैं. श्री राय ने कहा कि बालू का अवैध खनन और ढुलाई नहीं रूकी तो वे जनता की मदद लेकर अवैध रूप से निकाले गये बालू को ज़रूरतमंदों के बीच मुफ़्त में बंटवाने का काम करेंगे. ऐसा लगता है कि अवैध बालू निकालने वाले को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त रहा है और यह अवैध काम वे काफ़ी समय से करते आ रहे हैं. श्री राय ने कहा है कि बजट पेश होने के कारण शून्य काल की सूचनाओं पर सदस्यों को बोलने के समय में कटौती हो गई, परंतु शून्य काल की सूचनाओं को स्वीकार कर सभा अध्यक्ष ने इनपर सरकार को संज्ञान लेने का निर्देश दिया.




