रामगोपाल जेना/चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम बीस सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के सदस्य सह सांसद प्रतिनिधि त्रिशानु राय ने रंगोत्सव होली के दिन चाईबासा सदर अस्पताल में नेत्र रोग विशेषज्ञ चिकित्सक की प्रतिनियुक्ति की मांग की है. त्रिशानु ने इस संबंध में शुक्रवार को जिले के सिविल सर्जन सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ साहिर पाल से मुलाकात कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने डॉ पाल को स्थिति से अवगत कराते हुए कहा कि होली के दिन लगभग सभी निजी नेत्र चिकित्सालय बंद रहते हैं. रंगों के त्योहार होली में रंग खेलते वक्त किसी कारणवश आंखों में रंग चले जाने की स्थिति में उपचार की आवश्यकता होती है. नेत्र चिकित्सक अनुपलब्ध होने के कारण स्थानीय लोगों को लाचार होकर अन्य शहरों का रुख करना पड़ता है. त्रिशानु राय ने इसके मद्देनजर होली के दिन जन हित में विशेषकर चाईबासा सदर अस्पताल में नेत्र चिकित्सक की प्रतिनियुक्ति करने की मांग की है ताकि किसी की आंख में रंग चले जाने की स्थिति में उसे स्थानीय स्तर पर प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध हो सके. सिविल सर्जन डॉ साहिर पाल ने उन्हें मामले पर निश्चित रूप से यथोचित पहल करने का आश्वासन दिया.




