गुड़ाबांदा: गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव में सोमवार को सामुदायिक पुलिसिंग के तहत ग्रामीणों के बीच साड़ी लूंगी व अन्य वस्त्र समेत कई प्रकार की सामग्रियों का वितरण किया गया. वहीं स्कूली बच्चों को बैग ,कॉपी और कलम दिया गया. ग्रामीण एसपी मुकेश लुनायत की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में सामग्रीयों का वितरण किया गया. कुड़ियान की होनहार छात्रा मेरु हांसदा को गांव से कसियाबेड़ा तक पैदल जाकर बस पकड़कर कॉलेज जाने में काफी परेशानी हो रही थी, इसलिए उसे एक साइकिल प्रदान की गई. मौके पर आसपास से आए ग्राम प्रधान और पूर्व नक्सली शंकर मुंडा ,भोगलु सिंह, चुनू मुंडा को गमछा देकर स्वागत किया गया.(नीचे भी पढ़े)

मौके पर संबोधित करते हुए ग्रामीण एसपी ने कहा कि ग्रामीण और पुलिस के बीच समन्वय को बेहतर बनाने के लिए सोशल पुलिसिंग के तहत वस्त्र और विभिन्न सामग्रियों का वितरण किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन से ग्रामीण और पुलिस के बीच की दूरी को कम किया जा सकता है. कहा कि ग्रामीण अपनी समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखें प्रशासन द्वारा समाधान किया जाएगा. कार्यक्रम के पश्चात सभी ग्रामीणों को पुलिस विभाग की ओर से भोजन कराया गया. मौके पर ग्रामीण एसपी मुकेश कुमार लुनायत, डीएसपी चंद्रशेखर आजाद, इंस्पेक्टर मनोज कुमार मल्लिक, डुमरिया थाना प्रभारी संजीवन उरांव, गुड़ाबांदा थाना प्रभारी प्रिणन कुमार समेत प्रखंड के विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित थे.











