रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को गोड्डा जिले में आयोजित विकास मेला सह जनता दरबार में 89 योजनाओं की सौगात दी. इसमें 18637. 81 लाख रुपए की 31 योजनाओं का उद्घाटन और 35065.64 लाख रुपए की 58 योजनाओं का शिलान्यास किया. सीएम ने कहा कि सरकार की योजनाओं को जानने -समझने का प्रयास करें और उसका लाभ लें. राज्य के अंतिम व्यक्ति तक पदाधिकारी भी पहुंच रहे हैं. सरकार भी जा रही है और योजनाएं भी हकीकत में उतर रही हैं. विकास मेला में 21,482 लाभुकों के बीच 2840. 29 लाख रुपए की परिसंपत्तियों का वितरण किया गया.(नीचे भी पढे)
सीएम ने कहा कि उनकी सरकार में अधिकारियों की सोच और कार्यशैली बदल चुकी है. सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के मार्फत गांव- पंचायत में शिविरों के जरिए लाखों लोगों की समस्याओं का समाधान हुआ. उच्च अधिकारी सरकार की योजनाओं को लेकर आपके दरवाजे पर पहुंच रहे हैं. आगे भी इस तरह के शिविर आयोजित होते रहेंगे. इस कार्यक्रम में सांसद विजय हांसदा, विधायक प्रदीप यादव और दीपिका पांडेय, जिला परिषद अध्यक्ष बेबी देवी, डीआईजी सुदर्शन मंडल, उपायुक्त जीशान कमर और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा समेत जिला प्रशासन के कई अन्य अधिकारी मौजूद थे.











