
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड में विगत वर्षो से हाथियों का आतंक दिन प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है. पहले तो हाथी ग्रामीण क्षेत्र में ही विचरण करते थे परंतु विगत दो – तीन माह से हाथियों का दल नगर पंचायत क्षेत्र में भी प्रवेश कर जमकर उपद्रव मचा रहे है. अब हाथियों के आतंक से शहरी क्षेत्र भी अछूता नहीं रह गया है. शाम ढलते ही हाथी बाजार क्षेत्र और बाजार से सटे किसी ना किसी टोला में प्रवेश कर उत्पात मचा रहे है. इसे लेकर वन विभाग पस्त है. हाथियों के शहर में प्रवेश करने से अब शहरी क्षेत्र के लोग भी हाथियों के आतंक से सहमे हुए हैं. गुरूवार की रात एक हाथी प्रखंड कार्यालय से सटे बाजपेई नगर कॉलोनी में घुस आय. लगभग दो घंटा तक हाथी कॉलोनी के गली-गली घूमता रहा और कॉलोनी के लोग हाथी को खदेड़ने में जुटे रहे. कॉलोनी में हाथी के आने की सूचना ग्रामीणों ने वन विभाग को दी सूचना पाकर वन विभाग के क्विक रिस्पांस टीम वहां पहुंचकर हाथी को खदेड़ा. हाथी देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. (नीचे भी पढ़ें)

ज्ञात हो कि विगत दो माह से हाथियों का आतंक नगर पंचायत क्षेत्र में बढ़ा है. नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 10, 11और 12 में आए दिन हाथी प्रवेश कर रहे हैं जिसके कारण शाम ढलते ही लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है क्योंकि शाम होते ही हवाई पट्टी क्षेत्र से निकालकर जंगली हाथी इन क्षेत्रों में घुस आते हैं. गुरुवार की रात हवाई पट्टी से सटे चाकुलिया के प्रसिद्ध नागा बाबा मंदिर परिसर के पिछले गेट को जंगली हाथी ने तोड़ दिया है. पिछला गेट तोड़कर हाथी मंदिर में घुसा और सामने वाले गेट से बाहर निकल गया. मंदिर से सटे नागानल कॉलोनी और बीड़ी बस्ती के लोग हाथियों के कारण सर्वाधिक दहशत में है. वही चाकुलिया के नया बाजार स्थित कोलकाता पिंजरापोल सोसाइटी की गौशाला में लगातार तीसरे दिन हाथियों ने उत्पात मचाया. हाथी ने सेलो बोरिंग को ही उखाड़ दिया इससे गोशाला परिसर में जलापूर्ति बाधित है.




