जमशेदपुर : जमशेदपुर के कीताडीह गाड़ीवान पट्टी के निवासियों ने आरईओ के कार्यपालक अभियंता को ज्ञापन सौंप कर गाड़ीवान पट्टी के निर्माणाधीन मुख्यमार्ग में 100 मीटर में 7 बंपर बनाये जाने की शिकायत करते हुए उक्त बंपरों को हटवाने का आग्रह किया है. (नीचे भी पढ़ें)

बताते चलें कि कीताडीह गाड़ीवान पट्टी के मुख्य मार्ग के जीर्णोद्धार का काम चल रहा है, किन्तु विगत दिनों जिला परिषद् उपाध्यक्ष पंकज ने निरीक्षण के दौरान सड़क की घटिया गुणवत्ता के मद्देनजर वहां काम रोकवा दिया था. अब सड़क निर्माण का काम दोबारा शुरू हुआ है, जिसमें ठेकेदार द्वारा पीसीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है. इसके तहत काम कर रहे मजदूरों द्वारा बस्ती के अंदर करीब 100 मीटर लंबी सड़क पर 7 बंपर बनाये जा रहे हैं. ग्रामीणों ने इसका विरोध करते हुए विभागीय कार्यपालक अभियंता को एक ज्ञापन सौंपा है, जिसमें इतने अधिक बंपर बनाये जाने की शिकायत करते हुए उसे तोड़वाने की मांग की है.



