जमशेदपुर : टाटा स्टील के एनएस ग्रेड के कर्मचारी भी अब आराम से जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित जी टाउन क्लब में जा सकेंगे. उनके सदस्यता शुल्क (मेंबरशिप फीस) में काफी कमी ला दी गयी है. एनएस ग्रेड के मेंबरशिप फीस में 50 फीसदी की छूट दे दी गयी है. वहीं, स्टील वेज के कर्मचारियों को भी मेंबरशिप में 25 फीसदी की छूट दी गयी है. (नीचे भी पढ़ें)
टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु ने इस मसले को क्लब के पदाधिकारियों के समक्ष उठाया था और कहा था कि चूंकि कर्मचारियों के लिए जी टाउन क्लब बना है, इस कारण अगर कर्मचारी ही इसका लाभ नहीं ले पायेंगे तो कैसे चल सकेगा. उन्होंने एनएस ग्रेड के कर्मचारियों को ज्यादा छूट देने की मांग की जबकि स्टील वेज को भी छूट देने की मांग की. इसके बाद तय हुआ कि स्टील वेज को 25 फीसदी जबकि एनएस ग्रेड के कर्मचारियों को 50 फीसदी की छूट क्लब की सदस्यता शुल्क में दी जायेगी. इस छूट को दिलाने में क्लब के संयुक्त सचिव और टाटा वर्कर्स यूनियन के सदस्य महेंद्र सिंह शेखावत, टाटा वर्कर्स यूनियन के कमेटी मेंबर विभाष शुक्ला, राजू महतो, मनोज मिश्रा और राकेश सिंह ने अहम भूमिका निभायी.



