जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत डोबो पुल के पास कागलनगर निवासी सिविल मिस्त्री राहुल धीवर की लाश पड़ी मिली है. पुलिस ने उसका शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजवा दिया है. (नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि राहुल धीवर विगत 18 जून से ही घर से लापता था. परिवार वालों ने तमाम संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया था. रविवार को उसके परिवार के लोगों को पता चला कि डोबो पुल के पास स्वर्णरेखा नदी में एक लाश मिली है. इसके बाद राहुल की बेटी निशा धीवर उसकी पहचान करने के लिए वहां पहुंची, जहां उसने शव की पहचान अपने पिता राहुल धीवर के रूप में की. इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा कराकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजवा दिया है. परिवार के लोगों का कहना है कि हो सकता है कि राहुल धीवर नदी में नहाने गया हों और वहां पैर फिसलने से नदी में डूब गया हो. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.



