जमशेदपुर : जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी में पीएचडी की प्रवेश परीक्षा रविवार को सफलता पूर्वक संपन्न हो गई. शोध प्रवेश परीक्षा (जेडब्ल्यूयूआरइटी – I) के कुल 122 अभ्यर्थियों में से 90 प्रवेश परीक्षा में उपस्थित हुईं, जबकि 32 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहीं. प्रवेश परीक्षा के लिए बनाये गये तीन परीक्षा कक्षों में सुनियोजित तरीके से परीक्षा का आयोजन हुआ. (नीचे भी पढ़ें)

प्रवेश परीक्षा में यूनिवर्सिटी द्वारा शोध के लिए रखे गए सभी 12 विषयों, वनस्पति विज्ञान, रसायन विज्ञान, गणित, अर्थशास्त्र, अंग्रेजी, हिन्दी, गृह विज्ञान, संगीत, ओड़िया, राजनीति विज्ञान, उर्दू एवं वाणिज्य में पीएचडी के लिए इच्छुक छात्राओं ने भाग लिया. परीक्षा सफलता पूर्वक संपन्न होने पर कुलपति डॉ अंजिला गुप्ता ने रजिस्ट्रार डॉ राजेंद्र जायसवाल एवं शोध कमिटी के सदस्यों के साथ ही परीक्षा नियंत्रक डॉ रमा सुब्रमण्यम, केंद्र निरीक्षक डॉ सुधीर कुमार साहू, ओएसडी डॉ रूपाली पात्रा एवं परीक्षा विभाग के अन्य सदस्यों को बधाई दी है.



