
रांची : विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर राज्य के प्रतिभाशाली युवाओं को निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने हेतु मुख्यमंत्री सारथी योजना का शुभारम्भ मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन (शनिवार) को रांची विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट सभागार में करेंगे. ताकि राज्य के युवा अपने अंदर छुपी हुई प्रतिभा को निखार स्वावलंबन का मार्ग बिरसा केंद्र के माध्यम से प्रशस्त कर सकें. प्रथम चरण (2023- 2024) में राज्य के 80 प्रखंडों में योजना का शुभारम्भ होगा. आने वाले दिनों में राज्य के सभी प्रखंडों में बिरसा योजना संचालित किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
रोजगार प्रोत्साहन एवं परिवहन भत्ता भी
युवाओं के लिए शुरू हो रहे मुख्यमंत्री सारथी योजना का लाभ सभी वर्ग के युवा निःशुल्क ले सकेंगे. इसके लिए सरकार द्वारा पात्रता तय की गई है. सामान्य श्रेणी के 18-35 वर्ष के युवक और युवतियों एवं आरक्षित श्रेणी (एसटी, एससी और ओबीसी ) के 50 वर्ष तक के पुरुष या महिलाओं के लिए प्रखंड स्तर पर कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा. प्रशिक्षण के बाद सफल युवक और युवतियों को तीन माह के अंदर नियोजन नहीं होने की स्थिति में रोजगार प्रोत्साहन भत्ता के रूप में युवकों को 1000 रुपये और युवतियों, दिव्यांग, परलैंगिक को प्रतिमाह 1500 रुपये अधिकतम एक वर्ष के लिए डायरेक्टर बेनीफिट ट्रांसफर के माध्यम से दी जाएगी. साथ ही, गैरआवासीय प्रशिक्षण के प्रशिक्षणार्थियों को उनके घर से प्रशिक्षण केंद्र तक आने-जाने के लिये प्रतिमाह 1000 रुपये डीबीटी के माध्यम से भेजे जाने का प्रावधान है. अधिक जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 1800-123-3444 पर निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण हेतु युवा संपर्क कर सकते हैं.



