घाटशिला : घाटशिला थाना क्षेत्र के गोपालपुर पंचायत अंतर्गत कटिंगपाड़ा में 29 वर्षीया विवाहिता अनीशा सिंह ने शुक्रवार शाम फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के संबंध में मृतका के पति सागर प्रसाद रेवानी ने बताया कि वह मूल रूप से बोकारो जिले के गोमिया का रहने वाला है. दिसंबर 2022 में उसकी शादी धनबाद निवासी अनीशा सिंह के साथ हुई थी. वह घाटशिला में रहकर प्राइवेट कंपनी में सेल्स एंड सप्लाई का काम करता है. शुक्रवार सुबह 9:30 बजे पति पत्नी दोनों ने एक साथ नाश्ता किया जिसके बाद वह अपने काम पर चला गया.
शाम को काम से लौटा तो घर का दरवाजा अंदर से बंद था. काफी आवाज देने पर भी जब कोई आवाज नहीं आई तो उसने लात मार कर दरवाजा खोला. अंदर घुसते ही घर का नजारा बिल्कुल बदला हुआ था. पत्नी काले रंग की ओढ़नी से पंखे के सहारे फंदे पर झूल रही थी. उसने तुरत पुलिस को घटना की सूचना दी, जिस पर एसआइ सीताराम दांगी महिला पुलिस के साथ घटनास्थल पहुंचे तब शव को फंदे से नीचे उतारा गया. पुलिस ने शव को पंचनामा के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. घटना के संबंध में मृतका के पति ने बताया कि गुरुवार की रात पति पत्नी के बीच हल्की नोकझोंक हुई थी. इसके बाद सब सामान्य हो गया था. इसके बाद उसने अचानक इतना बड़ा कदम कैसे उठा लिया यह बता पाना मुश्किल है.



