
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड कार्यालय में शनिवार को 20 सूत्री की बैठक अध्यक्ष शंभु नाथ मल्लिक की अध्यक्षता में हुई. बैठक में बीडीओ लेखराज नाग ने कहा कि प्रखंड के 40 आंगनबाड़ी केन्द्रों को विलय हुए विद्यालय भवनों में शिफ्ट किया जाएगा, अत: सूची बनाकर दें. जिस केन्द्र में पानी और शौचालय की व्यवस्था नहीं है उसकी भी सूची दें, ताकि जल्द निर्माण किया जाये. बीडीओ ने आंगनबाड़ी के पर्यवेक्षिका को आदेश दिया है कि प्रखंड की हड़ताली सेविका-सहायिका को नोटिस देकर बच्चों के हित में कार्य पर लौटने की आदेश दें. शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि सुभाष राणा ने कहा कि 19 पंचायत में आदर्श पुस्तकालय का निर्माण किया जाएगा. जिसका चयन कर लिया गया है. हर विधालय में 50-50 हजार रुपये पुस्तक खरीदने के लिए दिये जायेंगे. प्रखंड में 35 विधालय जर्जर हैं. कई विधालयों में बिजली का संयोजन नहीं हुआ है. बैठक में समिति के सदस्यों ने हर विभाग के पदाधिकारी से प्रखंड में चल रहे विकास योजनाओं की जानकारी ली. बैठक को संबोधित करते हुए श्री मल्लिक ने कहा कि विभाग के पदाधिकारी सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचायें. दुर्गापूजा के अवसर पर बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की बात कही. बैठक में जमुना टुडू, बबलू गिरि, शतदल महतो, अपू महतो, बिजली विभाग के जेई दीपक कुमार समेत अन्य उपस्थित थे.



